
जमशेदपुर : जमशेदपुर के ग्रामीण इलाका बोड़ाम थाना क्षेत्र के भादूडीह में वन विभाग के चेकनाका के समीप टाटा-पटमदा मुख्य सड़क किनारे स्थित एक जनरल स्टोर में शनिवार देर रात अज्ञात चोरों ने एस्बेस्टस की छत काटकर करीब 1.20 लाख रुपये की चोरी कर ली. चोरी गए सामान में करीब 30 हजार रुपये नकद भी शामिल हैं. घटना की जानकारी रविवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे संचालक महानंद महतो को हुई. उन्होंने तत्काल बोड़ाम पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई. जानकारी के अनुसार, महानंद महतो शनिवार रात करीब 10 बजे रोज की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे. (नीचे देखे पूरी खबर)

रविवार सुबह दुकान पहुंचने पर उन्होंने देखा कि एस्बेस्टस की छत कटी हुई है और दुकान के अंदर सामान बिखरा पड़ा है. जांच करने पर नकदी समेत करीब 1.20 लाख रुपये मूल्य के सामान की चोरी का पता चला. बताया जाता है कि एक वर्ष के भीतर इसी दुकान में चोरी की यह तीसरी घटना है. लगातार चोरी की घटनाओं से स्थानीय दुकानदारों और ग्रामीणों में दहशत का माहौल है. स्थानीय लोगों के अनुसार, घटनास्थल डिमना लेक से करीब दो किलोमीटर दूर है और टाटा-पटमदा मुख्य सड़क पर चौबीसों घंटे वाहनों का आवागमन रहता है. इसके बावजूद चोरों द्वारा बेखौफ होकर वारदात को अंजाम देने से क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं. स्थानीय लोगों ने पुलिस से रात में गश्त बढ़ाने, चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है. गौरतलब है कि बीते 3 अगस्त को भी बोड़ाम बाजार में आभूषण दुकान और बारियादा में मोबाइल दुकान की एस्बेस्टस छत काटकर लाखों रुपये की चोरी की गई थी. इन घटनाओं का अब तक खुलासा नहीं होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है. लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र में चोरों के बढ़ते मनोबल को लेकर भी लोगों में चिंता है. पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य संभावित सुरागों के आधार पर मामले की जांच कर रही है.




