जमशेदपुर : बोड़ाम थाना क्षेत्र के भादूडीह में वन विभाग के चेकनाका के समीप टाटा-पटमदा मुख्य सड़क किनारे स्थित एक जनरल स्टोर में शनिवार देर रात अज्ञात चोरों ने एस्बेस्टस की छत काटकर करीब 1.20 लाख रुपये के सामानों की चोरी कर ली. चोरी गए सामान में करीब 30 हजार रुपये नकद भी शामिल हैं. दुकानदार महानंद महतो रविवार सुबह दुकान पहुंचे तब उन्हें घटना की जानकारी मिली. उन्होंने तत्काल बोड़ाम पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई. (नीचे भी पढ़ें)

जानकारी के अनुसार, महानंद महतो शनिवार रात करीब 10 बजे रोज की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे. रविवार सुबह दुकान पहुंचने पर उन्होंने देखा कि एस्बेस्टस की छत कटी हुई है और दुकान के अंदर सामान बिखरे पड़े हैं. जांच करने पर नगदी समेत करीब 1.20 लाख रुपये मूल्य के सामान की चोरी का पता चला. बताया जाता है कि एक वर्ष के भीतर इसी दुकान में चोरी की यह तीसरी घटना है. लगातार चोरी की घटनाओं से स्थानीय दुकानदारों और ग्रामीणों में डर का माहौल है. स्थानीय लोगों के अनुसार, घटनास्थल डिमना लेक से करीब दो किलोमीटर दूर है और टाटा-पटमदा मुख्य सड़क पर चौबीसों घंटे वाहनों का आना-जाना रहता है. इसके बावजूद चोरों ने बेखौफ वारदात को अंजाम देने से क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं. स्थानीय लोगों ने पुलिस से रात में गश्त बढ़ाने, चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है. गौरतलब है कि बीते 3 अगस्त को भी बोड़ाम बाजार स्थित आभूषण दुकान और बारियादा में मोबाइल दुकान की एस्बेस्टस की छत काटकर लाखों रुपये की चोरी की गई थी. इन घटनाओं का अब तक खुलासा नहीं होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है.




