
जमशेदपुर : 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर वरीय पुलिस अधीक्षक, डॉ. ऐहतेशाम वकारिब ने कार्यालय परिसर एवं पुलिस केंद्र गोलमुरी (जमशेदपुर) में ध्वजारोहण किया. इस दौरान पुलिस पदाधिकारी, जवान एवं अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे. पुलिस केंद्र गोलमुरी स्थित शहीद स्मारक स्थल पर एसएसपी ने देश और समाज की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की. (नीचे देखे पूरी खबर)

उन्होंने शहीद जवानों के परिजनों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया. समारोह के दौरान पुलिस विभाग में उत्कृष्ट कार्य एवं बेहतर प्रदर्शन करने वाले 25 पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया. एसएसपी ने सम्मानित पुलिसकर्मियों के समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट कार्य की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया. (नीचे देखे पूरी खबर)

इस अवसर पर पुलिस विभाग के अधिकारियों और जवानों ने देश की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था एवं जनसेवा के प्रति अपने कर्तव्यों को पूरी निष्ठा से निभाने का संकल्प लिया.




