जमशेदपुर: जमशेदपुर के उलीडीह थाना अंतर्गत शंकोसाई रोड नंबर-1 स्थित रामनगर केन्दूकोचा निवासी सतना देवी (37) ने शुक्रवार रात अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने उसे फंदे से उतारा और गंभीर हालत में एमजीएम अस्पताल पहुंचाया. चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए टीएमएच रेफर कर दिया. टीएमएच में इलाज के दौरान सतना देवी की मौत हो गई.सतना देवी वार्ड नंबर11 के आंगनबाड़ी में कार्यरत थी और दिव्यांग भी थी. (नीचे भी पढ़े)
उसके पति प्रमोद कुमार ओडिशा में एक निजी कंपनी में काम करते हैं. घटना की सूचना मिलने के बाद वह जमशेदपुर पहुंचे. रविवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया.परिजनों के अनुसार, पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर हल्की नोकझोंक हुई थी. आशंका जताई जा रही है कि इसी विवाद के बाद महिला ने आत्मघाती कदम उठाया. हालांकि, आत्महत्या के वास्तविक कारणों का अब तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है. उलीडीह पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिजनों से पूछताछ कर घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है.




