जमशेदपुर: गालुडीह पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए करीब 11 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है. पुलिस ने इस मामले में मोटरसाइकिल सवार तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के पास से गांजा के अलावा एक ग्लैमर मोटरसाइकिल और हेलमेट भी बरामद किया गया है.पुलिस के अनुसार, 15 अगस्त को सूचना मिली थी कि कुछ लोग ओडिशा से मोटरसाइकिल के जरिए गांजा लेकर गालुडीह होते हुए जमशेदपुर पहुंचने वाले हैं. सूचना के आधार पर वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के नेतृत्व में छापामारी टीम गठित की गई.पुलिस टीम ने गालुडीह बराज के पास कैनाल रोड में घेराबंदी कर ग्लैमर मोटरसाइकिल पर सवार तीन लोगों को पकड़ा. तलाशी के दौरान उनके पास से करीब 11 किलो गांजा बरामद हुआ.(नीचे भी पढ़े)
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रमेश सिंह (43), श्याम नाथ राय (38) और बाबुलाल यादव (50) के रूप में हुई है. तीनों जमशेदपुर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के रहने वाले बताए जाते हैं.पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अन्य लोगों के साथ मिलकर सुनियोजित और संगठित तरीके से गांजा कारोबार करने की जानकारी दी है. मामले में इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है. इस संबंध में गालुडीह थाना कांड संख्या 17/2026, दिनांक 15 अगस्त 2026 को धारा 111(4) बीएनएस एवं 20(b)(ii)(B)/22/29 एनडीपीएस एक्ट, 1985 के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस अन्य संलिप्त आरोपियों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई में जुटी है.छापामारी टीम में गालुडीह थाना के पुलिस पदाधिकारी अजय बागे, सहायक अवर निरीक्षक संजय कुमार, नुर मिंज तथा गालुडीह थाना रिजर्व गार्ड के सशस्त्र बल शामिल थे.




