जमशेदपुर: मानगो थाना क्षेत्र के छोटा पुल के पास शनिवार शाम सड़क पर बने गड्ढे के कारण हुए हादसे में 18 वर्षीय बाइक सवार आयुष कुमार की मौत हो गई. हादसे के बाद अज्ञात कार का चालक मौके से फरार हो गया. गंभीर रूप से घायल आयुष को स्थानीय लोगों ने तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां से चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए टीएमएच रेफर कर दिया. टीएमएच में जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.आयुष के चाचा रंजीत के अनुसार, आयुष भुइयांडीह बाबूडीह बस्ती का रहने वाला था और दूध सप्लाई का काम करता था. (नीचे भी पढ़े)
शनिवार शाम करीब पांच बजे वह बाइक से दूध पहुंचाने जा रहा था. इसी दौरान छोटा पुल के पास सड़क पर बने गड्ढे के कारण हादसा के शिकार हो गया. परिजनों ने बताया कि आयुष परिवार का बड़ा बेटा था. उसकी मौत की खबर मिलते ही घर में मातम पसर गया.रंजीत ने आरोप लगाया कि छोटा पुल की सड़क पर जगह-जगह बने गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन इसके बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं कराई जा रही है. स्थानीय लोगों ने भी सड़क की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है.घटना की सूचना मिलने के बाद मानगो पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर दुर्घटना में शामिल कार और उसके चालक की पहचान करने में जुटी है.




