जमशेदपुर: बोड़ाम प्रखंड के हलुदबनी मध्य विद्यालय में युवाओं की सामाजिक संस्था लक्ष्य फाउंडेशन द्वारा स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मोहित सिंह एवं ग्राम प्रधान ने ध्वजारोहण किया. इस अवसर पर स्कूली बच्चों ने देशभक्ति गीतों, झारखंडी लोकनृत्य एवं विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया. लक्ष्य फाउंडेशन की टीम ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच और आत्मविश्वास प्रदान करने का प्रयास किया. लक्ष्य फाउंडेशन के संस्थापक विश्वनाथ दत्ता ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है. जरूरत केवल उन्हें सही अवसर और उचित मंच प्रदान करने की है. (नीचे भी पढ़े)

हमारा प्रयास है कि ऐसे बच्चों की प्रतिभा को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जाए. स्वतंत्रता दिवस जैसे अवसर बच्चों के भीतर देशप्रेम, आत्मविश्वास और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का माध्यम बन सकते हैं. उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल स्वतंत्रता दिवस मनाना नहीं, बल्कि ग्रामीण बच्चों की प्रतिभा को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ने के अवसर देना और उनके सपनों को एक नई उड़ान देना है.कार्यक्रम में संस्थापक विश्वनाथ दत्ता, सह-संस्थापक शिबू नंदी, इंद्रनील दास, राहुल रंजन सिन्हा, अमर प्रामाणिक, अंकित शर्मा, राज मिश्रा, आदित्य मृणाल, लक्खी कर्मकार, आरती कुमारी, अजय महतो, प्रिंसी सहा, प्रदीप कर्मकार सहित संस्था के अन्य सदस्य एवं ग्रामीण उपस्थित रहे.




