रांची : झारखंड प्रदेश कांग्रेस आने वाले दिनों में खान विधेयक एमएमडीआर एक्ट को लेकर आंदोलन करेगी. मंगलवार को झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की बैठक विधानसभा सभागार में हुई. इस बैठक में प्रदेश प्रभारी के राजू और प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमले मौजूद ते. इसके अलावा बैठक में विधायक दल के नेता प्रदीप यादव के अलावा बैठक में मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, शिल्पी नेहा तिर्की, डॉ इरफान अंसारी, विधायक दल के उपनेता राजेश कच्छप सहित समिति के कई वरिष्ठ सदस्य उपस्थित थे. इसमें राज्य के ज्वलंत मुद्दों और संगठन को मजबूत करने के लिए सात प्रमुख विषयों पर विस्तार से चर्चा की गयी. साथ ही, छात्र आंदोलन के संदर्भ में सरकार द्वारा लिये गये संवेदनशील फैसलों के लिए राहुल गांधी, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और राज्य सरकार के प्रति धन्यवाद प्रस्ताव पारित किया गया.(नीचे भी पढ़े)
पत्रकारों को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रभारी के राजू ने कहा कि पार्टी भर्ती परीक्षाओं में सुधार के लिए ठोस रणनीति बनाकर सरकार को सुझाव देगी. इसके अलावा विस्थापन, 2013 के भूमि अधिग्रहण कानून को लागू करने और एफसीआरए संशोधन बिल पर संबंधित संस्थाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए पार्टी लड़ाई लड़ेगी. उन्होंने कहा कि यदि केवल जनसंख्या के आधार पर परिसीमन लागू हुआ, तो एसटी सीटें कम होंगी, जिसके खिलाफ संघर्ष किया जायेगा. प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि खान एवं खनिज संशोधन विधेयक से झारखंड को भारी आर्थिक नुकसान होगा. इसके खिलाफ जरूरत पड़ने पर पार्टी आर्थिक नाकेबंदी भी करेगी. वहीं, विधायक दल नेता प्रदीप यादव ने कहा कि जनगणना में ओबीसी और सरना धर्म कोड का अलग कॉलम नहीं रखना केंद्र का दुर्भाग्यपूर्ण कदम है, जिसके खिलाफ आंदोलन होगा.




