चाईबासा : सूरजमल जैन डीएवी पब्लिक स्कूल, चाईबासा में बुधवार को भगत सिंह सदन द्वारा विशेष प्रार्थना सभा में भक्तिकाल के महान कवि एवं ‘रामचरितमानस’ के रचयिता गोस्वामी तुलसीदास की जयंती श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई. कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को तुलसीदास के साहित्य, आदर्शों एवं भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों से परिचित कराना था. कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार एवं हवन-यज्ञ से हुई. इसके पश्चात तुलसीदास की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित की गई. इस अवसर पर प्राचार्य सह एआरओ ओपी मिश्रा ने विद्यार्थियों को तुलसीदास के जीवन एवं साहित्य से प्रेरणा लेने का संदेश दिया. उन्होंने कहा कि तुलसीदास की रचनाएं सत्य, मर्यादा, कर्तव्य, करुणा एवं सदाचार जैसे जीवन-मूल्यों की प्रेरणा देती हैं. (नीचे भी पढे)
उन्होंने विद्यार्थियों से इन आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया. शिक्षक एसबी सिंह ने तुलसीदास को समर्पित भावपूर्ण कविता का पाठ किया. विद्यार्थियों के एक समूह ने तुलसीदास के प्रसिद्ध दोहों का सस्वर वाचन किया तथा उनके सरल अर्थ एवं जीवनोपयोगी संदेश को भी समझाया. विद्यार्थी अक्षित मिश्रा ने तुलसीदास पर आधारित कविता प्रस्तुत कर सभी को भावविभोर कर दिया. कार्यक्रम का मंच संचालन छात्रा सान्वी कुमारी ने किया. दोहा-वाचन, कविता-पाठ तथा वैदिक हवन-यज्ञ ने विशेष प्रार्थना सभा को ज्ञानवर्धक, आध्यात्मिक एवं प्रेरणादायी बना दिया.















