जमशेदपुर : जमशेदपुर के उपायुक्त राजीव रंजन द्वारा जमशेदपुर सदर प्रखंड के कीताडीह स्थित इवीएम वेयर हाउस का निरीक्षण किया गया. इस दौरान उन्होंने वेयर हाउस में रखे ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों के सुरक्षित भंडारण, सुरक्षा व्यवस्था तथा निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुपालन का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह समेत विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे. उपायुक्त ने वेयर हाउस की सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास की निगरानी, सीसीटीवी कैमरों की स्थिति तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का अवलोकन किया. उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों के सुरक्षित एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप रख-रखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है. इवीएम वेयर हाउस की सुरक्षा एवं निगरानी में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए. उन्होंने नियमित रूप से सुरक्षा व्यवस्था एवं तकनीकी उपकरणों की जांच करते रहने तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.







