जमशेदपुर : जमशेदपुर के युवा कारोबारी निखार सबलोक की सरायकेला खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र के कांदरबेड़ा स्थित टेंथ माइल स्टोन होटल में हुई हत्या के मामले में सरायकेला खरसावां और जमशेदपुर जिला पुलिस की संयुक्त टीम को कामयाबी मिल गयी है. बताया जाता है कि इस हत्याकांड में शामिल एक शूटर को बिहार से गिरफ्तार कर लिया गया है. इसके अलावा दूसरे शूटर को भी पकड़ने के लिए घेराबंदी की जा चुकी है. इस मामले के साजिशकर्ता के सामने आने के बाद पुलिस ने रेकी करने वाले तीन युवकों, घटनास्थल पर शूटरों को भगाने से लेकर तमाम काम में शामिल अपराधियों को पकड़ लिया है. अब इसको लेकर पुलिस कभी भी खुलासा कर सकता है. यह संभव है कि शुक्रवार को इस कांड पर से पुलिस परदा उठा सकती है. हालांकि, इस मामले में पुलिस कुछ कहने को तैयार नहीं है. इस मामले का लीड तब मिला, जब पुलिस ने कांड के साजिशकर्ता को गिरफ्तार किया. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस का संदेह सही दिशा में था. पुलिस ने साजिशकर्ता को पहले पकड़ा. इसके बाद साजिश में शामिल पूरे कांड का खुलासा हो गया. साजिशकर्ता के मोबाइल से सारी कहानी सामने आ गयी. इसके बाद एक एक कर सारा कांड का खुलासा हो गया. निखार सबलोक की हत्या करने के बाद अपराधी बुंडू से होते हुए बिहार की ओर भागे थे. बिहार जाते वक्त टोल प्लाजा में उनकी गाड़ी दिख गयी थी. लाल रंग की यह कार थी. इस बीच दो बार इन अपराधियों ने गाड़ियों को पकड़ा था. बताया जाता है कि निखार सबलोक की सुपारी किलिंग करायी गयी. निखार सबलोक को ठिकाने लगाने के लिए करीब 10 लाख में डील हुआ. बिहार के अपराधी को भाड़े पर लाया गया. करीब एक सप्ताह से शूटर जमशेदपुर में ही थे. (नीचे भी पढ़ें)
उन लोगों को सोनारी के ही दो अपराधियों ने निखार सबलोक की रेकी करायी थी. निखार सबलोक की पहचान कराने से लेकर तमाम काम कराया था. इसके बाद इन लोगों ने पहले तो कदमा विजया हेरीटेज में मारने का प्लान बनाया, लेकिन वहां की सुरक्षा व्यवस्था और सेफ्टी के कारण वे लोग यह कदम नहीं उठा सके. इसके बाद वे लोग हाइवे पर स्थित टेंथ माइल स्टोन को टारगेट किया क्योंकि हाइवे का होटल सेफ था और मारकर भागना आसान था. वहां करीब तीन दिनों से निखार सबलोक जमीन की डिलिंग के सिलसिले में मीटिंग करने जाता था. इसी दौरान मौका पाकर अपराधियों ने इस कांड को अंजाम दिया.







