जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम रेड क्रॉस सोसाइटी की ओर से 222वां सेफ्टी फर्स्ट एड डिजास्टर मैनेजमेंट ट्रेनिंग आगामी 5 सितम्बर से 10 सितम्बर तक साकची स्थित रेड क्रॉस भवन में आयोजित किया जाएगा. प्रशिक्षण शिविर में विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा आम जीवन से जुड़े सुरक्षा उपायों, प्राथमिक उपचार तथा आपदा के समय बचाव एवं राहत कार्यों की व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी. इस प्रशिक्षण में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागी 31 अगस्त से 4 सितम्बर तक बिष्टुपुर स्थित रेड क्रॉस कार्यालय में अपना नामांकन करा सकते हैं. वहीं कॉर्पोरेट एवं कंपनी कर्मियों तथा दूसरे शहरों से आने वाले प्रतिभागियों के लिए प्रशिक्षण के पहले दिन उद्घाटन सत्र के दौरान भी नामांकन की सुविधा उपलब्ध रहेगी. वर्तमान समय में सुरक्षा और प्राथमिक उपचार का ज्ञान प्रत्येक व्यक्ति के लिए महत्वपूर्ण है. किसी दुर्घटना, सड़क हादसे, आग, गैस रिसाव या प्राकृतिक आपदा जैसी आपात स्थिति में सही समय पर सही कदम उठाकर किसी व्यक्ति की जान बचाई जा सकती है. इसी उद्देश्य से इस प्रशिक्षण में थ्योरी के साथ प्रैक्टिकल प्रशिक्षण भी दिया जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)
प्रशिक्षण के दौरान रोड सेफ्टी, गैस सेफ्टी, सीमित स्थान (कन्फाइन्ड स्पेस) में सुरक्षा, ऊंचाई पर कार्य के दौरान सुरक्षा, सामान्य सुरक्षा नियम, फर्स्ट एड, रक्तदान एवं रक्त प्रबंधन, मानव शरीर की कार्यप्रणाली, प्राथमिक उपचार से पहले जरूरी सहमति, सड़क दुर्घटना में मदद करने वाले लोगों के लिए गुड समैरिटन नियम, प्राथमिक उपचार की बेहतर विधियां, सुरक्षित बचाव के तरीके, कृत्रिम सांस देने की विधि तथा आपदा प्रबंधन में प्राथमिक उपचार जैसे महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी जाएगी. रेड क्रॉस सोसाइटी की ओर से बताया गया कि प्रशिक्षण का उद्देश्य प्रतिभागियों को केवल सुरक्षा नियमों की जानकारी देना नहीं, बल्कि आपात स्थिति में घबराये बिना सही निर्णय लेने और जरूरतमंद व्यक्ति को तत्काल प्राथमिक सहायता देने में सक्षम बनाना है. प्रशिक्षण में शामिल प्रैक्टिकल अभ्यास प्रतिभागियों को वास्तविक परिस्थितियों से निपटने के लिए तैयार करेंगे. रेड क्रॉस सोसाइटी ने सुरक्षा, प्राथमिक उपचार एवं आपदा प्रबंधन में रुचि रखने वाले युवाओं, विद्यार्थियों, औद्योगिक एवं कारपोरेट संस्थानों के कर्मचारियों तथा आम नागरिकों से इस महत्वपूर्ण प्रशिक्षण में भाग लेने की अपील की है.




