जमशेदपुर:दिव्यांगजनों एवं दिव्यांग खिलाड़ियों के खेल विकास के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही दिव्यांग मार्गदर्शन ट्रस्ट, जमशेदपुर, झारखंड के लिए यह गौरव का क्षण है. बिहार स्पोर्ट्स अवार्ड्स 2026 में खेल के क्षेत्र में संस्था के उल्लेखनीय योगदान एवं उत्कृष्ट कार्यों के लिए ट्रस्ट को सम्मानित किया गया.यह पहला अवसर है जब जमशेदपुर, झारखंड की दिव्यांग मार्गदर्शन ट्रस्ट को खेल के क्षेत्र में उसके कार्यों के लिए बिहार स्पोर्ट्स अवार्ड्स के मंच पर सम्मानित किया गया है. यह सम्मान संस्था द्वारा दिव्यांग बच्चों एवं खिलाड़ियों को खेल प्रशिक्षण, अवसर और प्रोत्साहन प्रदान करने तथा उन्हें आगे बढ़ाने के लिए किए जा रहे प्रयासों को समर्पित है. इससमारोह में उद्घाटनकर्ता तेजस्वी यादव, नेता प्रतिपक्ष, बिहार विधानसभा तथा मुख्य अतिथि खान सर, शिक्षाविद् की गरिमामयी उपस्थिति रही.बिहार स्पोर्ट्स अवार्ड्स 2026 का आयोजन 30 अगस्त 2026 (रविवार), सुबह 11:00 बजे, राजमहल रिसॉर्ट, भागवत नगर, कुम्हरार, पटना में किया गया. (नीचे भी पढ़े)
इस समारोह में बिहार के उत्कृष्ट दिव्यांग एवं सामान्य वर्ग के खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, तकनीकी अधिकारियों, खेल प्रशासकों, खेल वैज्ञानिकों, खेल पत्रकारों, खेल स्वयंसेवकों एवं खेल संस्थाओं को सम्मानित किया गया.दिव्यांग मार्गदर्शन ट्रस्ट का नेतृत्व चेयरमैन जगन्नाथ बेहरा, प्रेसिडेंट धीरज कुमार शर्मा व सचिव राजकुमार सिंह ने इस सम्मान के लिए बिहार स्पोर्ट्स अवार्ड्स 2026 की आयोजन समिति एवं सभी सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त किया.ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने कहा कि यह सम्मान केवल संस्था का सम्मान नहीं, बल्कि दिव्यांग खिलाड़ियों की प्रतिभा, मेहनत और उनके खेल के प्रति समर्पण का सम्मान है. इस सम्मान से संस्था को भविष्य में दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए और बेहतर कार्य करने की नई प्रेरणा मिलेगी.दिव्यांग मार्गदर्शन ट्रस्ट, जमशेदपुर खेल के माध्यम से दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने के अपने प्रयासों को आगे भी निरंतर जारी रखेगा.




