जमशेदपुर: जमशेदपुर के ग्रामीण इलाका बोड़ाम थाना क्षेत्र के दलमा की पहाड़ियों के बीच बसे कोंकाधासा गांव में रविवार शाम बारिश के दौरान हुए वज्रपात की चपेट में आने से दो किशोर गंभीर रूप से झुलस गए. दोनों को देर शाम एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है. घायलों की पहचान कोंकाधासा गांव निवासी दीपक सिंह (15 वर्ष) और फतू सिंह (17 वर्ष) के रूप में हुई है. घटना रविवार शाम करीब 5 बजे की बताई जा रही है.प्रत्यक्षदर्शी मंगल सिंह ने बताया कि वह एक अन्य लड़के के साथ भैंसा चरा रहा था, जबकि दीपक सिंह और फतू सिंह नहाने के लिए घर से करीब 300 मीटर दूर स्थित तालाब गए थे. इसी दौरान बारिश शुरू हो गई, जिसके बाद चारों तालाब के समीप एक कुसुम के पेड़ के नीचे रुक गए. (नीचे भी पढ़े)
बताया गया कि अचानक तेज आवाज के साथ वज्रपात हुआ और दीपक सिंह व फतू सिंह इसकी चपेट में आ गए. वज्रपात की तीव्रता इतनी अधिक थी कि दोनों के कपड़े जल गए और वे बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े. वहीं, उनके साथ मौजूद मंगल सिंह और एक अन्य लड़का बाल-बाल बच गए. दोनों किशोर वज्रपात के स्थान से करीब छह फीट की दूरी पर खड़े थे.घटना के बाद परिजनों को तत्काल सूचना दी गई. इसके बाद दोनों घायलों को लेकर देर शाम करीब 7 बजे एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां गंभीर अवस्था में उनका इलाज जारी है.




