घाटशिला : घाटशिला थाना क्षेत्र में बुधवार रात तेज रफ्तार बेकाबू कार ने कई लोगों और वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया. अमाईनगर पुलिया से स्वर्णरेखा नदी पुल तक नशे में धुत चालक ने कार दौड़ाते हुए एक बाइक और बिना नंबर प्लेट की स्कूटी समेत कई वाहनों को टक्कर मार दी. हादसे में दो मासूमों समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. वहीं, बाइक में सवार एक महिला टक्कर के बाद पुल से नीचे स्वर्णरेखा नदी में जा गिरीं और तेज बहाव में बह गईं. जानकारी के मुताबिक, मुसाबनी थाना क्षेत्र निवासी गोवर्धन पातर कथित तौर पर शराब के नशे में रेनॉल्ट ट्राइबर कार लेकर मऊभंडार से घाटशिला की ओर जा रहा था. विशाल मेगा मार्ट के पास पहुंचते ही कार ने कई वाहनों को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया. इसके बाद स्वर्णरेखा नदी पुल पर कार ने सामने से आ रही हीरो होंडा स्प्लेंडर बाइक और बिना नंबर प्लेट की स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी. (नीचे भी पढ़ें)

बाइक पर गोपालपुर निवासी सुब्रतो सिन्हा, उनकी पत्नी सुष्मिता सिन्हा और बेटी श्रेया सिन्हा सवार थे. टक्कर इतनी जोरदार थी कि सुष्मिता सिन्हा पुल से नीचे स्वर्णरेखा नदी में जा गिरीं और तेज धार में बह गईं. हादसे में सुब्रतो सिन्हा और उनकी बेटी श्रेया गंभीर रूप से घायल हो गए. श्रेया के पैर में गंभीर चोट आई है. वहीं, मुसाबनी के गिरीशडांगा निवासी सुरेश भगत और नेहा वर्मा भी हादसे में घायल हुए हैं. (नीचे भी पढ़ें)

घटना की जानकारी मिलते ही घाटशिला डीएसपी विकास आनंद लागुरी, थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार मुंडा और मऊभंडार ओपी प्रभारी नीरज कुमार गुप्ता पुलिस बल और पीसीआर वाहनों के साथ मौके पर पहुंचे. सभी घायलों को घाटशिला अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया. इधर, नदी में बह गईं सुष्मिता सिन्हा की तलाश के लिए पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की टीम स्वर्णरेखा नदी में लगातार सर्च अभियान चला रही है.




