पोटका: पोटका थाना क्षेत्र के प्रमुख पिकनिक स्पॉट पहाड़भांगा नदी में रविवार को नहाने के दौरान डूबे टेल्को आजाद बस्ती निवासी 20 वर्षीय राजू सिंह राजपूत का शव सोमवार को पोटका पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों के सहयोग से बरामद कर लिया. लगातार कई घंटे चले तलाशी अभियान के बाद घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर जादूगोड़ा सीमा स्थित नहर के पास शव मिला.पोटका थाना प्रभारी सन्नी टोप्पो सोमवार को दिनभर पहाड़भांगा में कैंप कर स्थानीय ग्रामीणों और गोताखोरों के सहयोग से राजू की तलाश में जुटे रहे. (नीचे भी पढ़े)
काफी प्रयास के बाद जादूगोड़ा सीमा के पास नहर से राजू का शव बरामद किया गया.बताया जाता है कि राजू सिंह राजपूत अपने पांच दोस्तों मुकेश सिंह, प्रमोद कुमार, राजेश कुमार, संजीव कुमार और बीरेंद्र सिंह के साथ पहाड़भांगा घूमने आया था. इसी दौरान वह नदी में नहाने के लिए उतरा और गहरे पानी में डूब गया.राजू का शव बरामद होने की सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे. शव देखते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. घटना के बाद पूरे परिवार में मातम का माहौल है.पोटका पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर भेज दिया है. पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.




