आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के आरआइटी थाना क्षेत्र में अमित सरदार हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार समेत घटना से जुड़े कई सामान बरामद किए हैं. सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है. पुलिस के अनुसार 25 जुलाई 2026 को कृष्णापुर बोन्डीह निवासी बैहुल्या देवी (54) ने आरआईटी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में उन्होंने अपने बेटे अमित सरदार की हत्या कर साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को रेलवे लाइन पर फेंकने का आरोप लगाया था. इस संबंध में आरआईटी थाना के तहत अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था. (नीचे भी पढ़ें)
कांड के अनुसंधान के दौरान पुलिस ने चार अप्राथमिकी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया. इनमें दिकू किस्कू उर्फ बाबू किस्कू (26), सोमा मुंडा उर्फ बुका मुंडा (38), स्वरूप सोरेन उर्फ कतुरु (27) और मिलन सिंह (18) शामिल हैं. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर दो लोहे के हथौड़े, चार स्मार्ट मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल और मृतक की शर्ट में लपेटा हुआ एक पत्थर बरामद किया है. बरामद सामानों को पुलिस ने विधिवत जब्त कर लिया है. (नीचे भी पढ़ें)
गिरफ्तार आरोपियों में दिकू किस्कू और सोमा मुंडा वर्तमान में कृष्णापुर टोला राहरगोड़ा इंडस्ट्रियल एरिया आदित्यपुर-2 में रहते हैं. स्वरूप सोरेन आदित्यपुर के सतवहनी धीराजगंज का रहने वाला है, जबकि मिलन सिंह मूल रूप से पूर्वी सिंहभूम के बोड़ाम थाना क्षेत्र के रापचा का निवासी है और वर्तमान में सतवहनी धीराजगंज में किराए के मकान में रह रहा था.
फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा रहा है.







