पटमदा : बोड़ाम थाना क्षेत्र के पातीपानी फुटबॉल मैदान के पास आसनबनी-पटमदा मुख्य सड़क पर शुक्रवार शाम करीब पौने आठ बजे घटी एक सड़क दुर्घटना में स्कूटी सवार एक युवक की मौत हो गई. हादसे में उसकी पत्नी और बेटी भी गंभीर रूप से घायल हो गईं. स्थानीय लोगों के अनुसार, सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र निवासी शाहजहां अपनी पत्नी हसीना और बेटी आरजू के साथ स्कूटी से कहीं गए थे और वापस घर लौट रहे थे. इसी दौरान पातीपानी के पास उनकी स्कूटी दुर्घटनाग्रस्त हो गई. हादसे के बाद तीनों सड़क किनारे एक पेड़ के नीचे गिरे मिले. (नीचे भी पढ़ें)
इसी दौरान वहां से गुजर रही एक कार में सवार लोगों ने तीनों को गंभीर हालत में उठाकर तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल में इलाज के दौरान चिकित्सकों ने शाहजहां को मृत घोषित कर दिया. वहीं उनकी पत्नी और बेटी का इलाज चल रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन एमजीएम अस्पताल पहुंचे. शाहजहां की मौत की खबर सुनते ही परिवार में मातम पसर गया. मृतक के पुत्र अरमान ने बताया कि उनके माता-पिता और बहन घर से कहां गए थे, इसकी जानकारी उसे नहीं थी. अचानक फोन पर हादसे की सूचना मिली, जिसके बाद वे अस्पताल पहुंचे, जहां पिता को मृत पाया. पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है.




