जमशेदपुर: साकची स्थित स्वर्णरेखा नदी घाट पर सोमवार को स्थानीय लोगों की तत्परता से एक किशोर की जान बच गई. नदी के तेज बहाव में किशोर को बहता देख घाट पर मौजूद लोगों ने तत्काल उसे बचाने के लिए प्रयास शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद लोगों ने किशोर को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया.प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, किशोर को नदी में बहता देखकर कुछ लोग उसे बचाने के लिए आगे बढ़े. इस दौरान किशोर ने कथित तौर पर बचाव का विरोध किया और जीने की इच्छा नहीं होने की बात कही. हालांकि स्थानीय लोगों ने हिम्मत नहीं छोड़ी और उसे सुरक्षित बाहर निकालने में सफल रहे.(नीचे भी पढ़े)
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिस किशोर को अपने साथ साकची थाना ले गई, जहां उससे घटना के संबंध में जानकारी ली गई. प्रारंभिक पूछताछ में किशोर के गोलमुरी क्षेत्र का रहने वाला होने की बात सामने आई है. बताया जाता है कि घर में किसी बात को लेकर हुई डांट-फटकार से किशोर आहत था. हालांकि नदी घाट तक पहुंचने और घटना की वास्तविक परिस्थितियों को लेकर पुलिस जांच कर रही है. पुलिस किशोर के परिजनों से भी जानकारी जुटा रही है. स्थानीय लोगों की तत्परता से समय रहते किशोर को बचा लिया गया.




