गालूडीह : गालूडीह और आसपास के क्षेत्रों में सोमवार को गणेश पूजा धूमधाम और भक्तिभाव के साथ मनाई गई. गालूडीह हाटचाली, उलदा समेत विभिन्न स्थानों पर आकर्षक पूजा पंडाल बनाए गए हैं. सुबह से ही पंडालों में पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी. (नीचे भी पढ़ें)
पुजारियों ने विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान गणेश की पूजा संपन्न कराई. श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश को दूर्वा, लड्डू, फल और फूल अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की. पूजा के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण भी किया गया. गणेश पूजा को लेकर बच्चों और युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला. पूजा समितियों ने पंडालों को रंग-बिरंगी लाइटों और फूलों से सजाया है. शाम होते ही पूजा पंडालों में लोगों की भीड़ बढ़ गई. आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान गणेश के दर्शन के लिए पहुंचे. पूजा के दौरान गणपति बप्पा मोरया के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंजता रहा. कई स्थानों पर शाम को भजन-कीर्तन और अन्य धार्मिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए. पूजा समितियों की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्था की गई थी. पूरे क्षेत्र में दिनभर भक्तिमय माहौल बना रहा.




