जमशेदपुर : जमशेदपुर में अब जनसमस्याओं की शिकायत दर्ज कराने के लिए लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी. जिला प्रशासन ने जनसमस्याओं के त्वरित और पारदर्शी समाधान की दिशा में एक नई पहल की है. इसके तहत ‘अबुआ मित्र’ व्हाट्सएप आधारित चैटबोट सेवा की शुरुआत की गई है. जमशेदपुर के उपायुक्त राजीव रंजन ने ‘अबुआ मित्र’ सेवा का शुभारंभ किया. इसके लिए 8580090001 व्हाट्सएप नंबर जारी किया गया है. अब नागरिक अपने मोबाइल से इस नंबर पर संपर्क कर आसानी से अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे. इस सुविधा को सरल और उपयोगकर्ता के अनुकूल बनाया गया है. नागरिक अपनी सुविधा के अनुसार भाषा का चयन कर शिकायत से जुड़ी जरूरी जानकारी और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित दस्तावेज भी व्हाट्सएप के माध्यम से उपलब्ध करा सकेंगे. (नीचे भी पढ़ें)

व्हाट्सएप के जरिए प्राप्त शिकायतों को जिला प्रशासन के जन सहायता जेएसआर पोर्टल से जोड़ा जाएगा. शिकायत दर्ज होने के बाद उसकी जानकारी पोर्टल पर अपडेट की जाएगी और शिकायत की प्रकृति के अनुसार उसे संबंधित विभाग, कार्यालय या सक्षम प्राधिकरण को कार्रवाई के लिए भेजा जाएगा. इसके बाद शिकायत के अनुश्रवण, फॉलोअप और निवारण की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाएगी. खास बात यह है कि शिकायत की स्थिति की जानकारी नागरिकों के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस के माध्यम से अलग-अलग चरणों में दी जाएगी. यानी अब लोगों को अपनी शिकायत की प्रगति जानने के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी. इससे शिकायत निवारण प्रक्रिया में पारदर्शिता और अधिकारियों की जवाबदेही भी मजबूत होगी.




