सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र की लुपुंगडीह पंचायत के बुरुडूंगरी लेंगडीह गांव में मंगलवार को दिनदहाड़े 72 वर्षीय वृद्धा बावली सेन से सोने की चेन छिनतई का मामला सामने आया है. वारदात को अंजाम देने के बाद बाइक सवार दोनों युवक न्यू बायपास-18 हाईवे की ओर फरार हो गए. पीड़िता के अनुसार, सुबह करीब 10:43 बजे दो युवक बाइक से नंद के घर की ओर से घूमते हुए आए और उन्हें ‘मौसी’ कहकर बातचीत करने लगे. इसके बाद दोनों घर के सामने तालाब के पास पहुंचे. इसी दौरान बदमाशों ने वृद्धा के गले से सोने की चेन झपट ली. छीना-झपटी में चेन का आधा हिस्सा टूटकर वृद्धा के पास रह गया, जबकि आरोपी बाइक से भाग निकले. (नीचे भी पढ़ें)

वृद्धा के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आरोपियों का पीछा भी किया, लेकिन वे पकड़ में नहीं आए. बावली सेन ने बताया कि करीब 12 ग्राम वजन की चेन उन्होंने वर्ष 2021 में 66 हजार रुपये में खरीदी थी. सूचना मिलने पर नीमडीह थाना प्रभारी एसआई रतन लाल मुर्मू पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पीड़िता से जानकारी ली. पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है. घटना के बाद गांव की महिलाओं में भय का माहौल है.




