जमशेदपुर: जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र स्थित आरएमएस स्कूल परिसर में मंगलवार दोपहर करीब 12:30 बजे बिजली के मीटर में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया. शॉर्ट सर्किट के बाद मीटर में आग लग गई, जिससे स्कूल परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया. घटना के बाद स्कूल प्रबंधन की ओर से तत्काल इसकी सूचना अग्निशमन विभाग को दी गई. सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और कर्मचारियों ने तत्परता से आग पर काबू पा लिया. समय रहते आग बुझा दिए जाने से बड़ा हादसा टल गया. (नीचे भी पढ़ें)

शॉर्ट सर्किट के कारण स्कूल परिसर में मौजूद विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों में भी कुछ देर के लिए दहशत का माहौल रहा. हालांकि, घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है. आग पर काबू पाने के बाद स्थिति सामान्य हो गई. प्रारंभिक तौर पर घटना का कारण बिजली मीटर में हुआ शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है. संबंधित विभाग द्वारा बिजली व्यवस्था की जांच की जा रही है.




