जमशेदपुर : जमशेदपुर में यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित और प्रभावी बनाने को लेकर शुक्रवार को वरीय पुलिस अधीक्षक एवं यातायात पुलिस पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में शहर की वर्तमान यातायात व्यवस्था, प्रमुख जाम वाले क्षेत्रों, दुर्घटना संभावित स्थलों और यातायात नियमों के अनुपालन की विस्तृत समीक्षा की गई. बैठक में प्रमुख जाम वाले स्थानों पर ट्रैफिक पुलिस की प्रभावी तैनाती और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. पीक आवर में यातायात संचालन को सुचारु रखने के लिए आवश्यकता के अनुसार डायवर्जन और बैरिकेडिंग की व्यवस्था करने को कहा गया. पुलिस अधिकारियों ने खतरनाक ड्राइविंग, ओवरस्पीडिंग, नशे में वाहन चलाने, मोडिफाइड साइलेंसर और अवैध डार्क फिल्म के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए. सड़क पर अनधिकृत पार्किंग, अतिक्रमण और यातायात बाधित करने वाले वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने को भी कहा गया. (नीचे भी पढ़ें)

इसके अलावा नो-एंट्री व्यवस्था को और प्रभावी बनाने, शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में यातायात नियमों के पालन को लेकर समय-समय पर जागरूकता अभियान चलाने तथा दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान कर वहां आवश्यक प्रिवेंटिव उपाय, साइनेज और लाइटिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया. बैठक में सीसीटीवी, ट्रैफिक लाइट और अन्य तकनीकी माध्यमों से यातायात उल्लंघनों की निगरानी बढ़ाने तथा सभी संबंधित पदाधिकारियों को फील्ड में सक्रिय रहकर वास्तविक समय में यातायात की स्थिति पर नजर रखने का निर्देश दिया गया. (नीचे भी पढ़ें)
यातायात व्यवस्था में दीर्घकालिक सुधार के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कदम उठाने को भी कहा गया. जमशेदपुर पुलिस का उद्देश्य शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, सुगम और नागरिक-केंद्रित बनाना है, ताकि आम लोगों को अनावश्यक जाम और यातायात संबंधी असुविधाओं का सामना न करना पड़े.




