जमशेदपुर: पोटका थाना क्षेत्र में बुधवार रात करीब 8:30 बजे हुए सड़क हादसे में 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए. मृतक की पहचान कोवली थाना क्षेत्र के बरगी कोचा निवासी सुनील पुराण के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, सुनील पुराण स्प्लेंडर बाइक से अपने घर लौट रहा था. इसी दौरान सामने से एक आर15 बाइक पर तीन युवक आ रहे थे. बताया जा रहा है कि इसी बीच एक ट्रेलर दोनों बाइक के बीच आ गया. इससे दोनों बाइक अनियंत्रित हो गईं और स्प्लेंडर तथा आर15 के बीच जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में दोनों बाइक पर सवार चारों लोग घायल हो गए. (नीचे भी पढ़ें)
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल लाया गया. यहां जांच के बाद डॉक्टरों ने सुनील पुराण को मृत घोषित कर दिया. वहीं आर15 पर सवार तीनों युवकों का अस्पताल में इलाज चल रहा है. बताया जा रहा है कि सुनील पुराण मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था. उसकी मौत से परिवार पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा है। साथ ही परिवार के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है. इलाके में बड़ी गाड़ियों की आवाजाही के बीच इस तरह के सड़क हादसों को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता बनी हुई है.




