जमशेदपुर: जमशेदपुर के एमजीएम थाना क्षेत्र के सिमुलडांगा में गुरुवार शाम हुए सड़क हादसे में 60 वर्षीय तुफैल अहमद की मौत हो गई. मृतक मानगो के सं शंकोसाई स्थित हयातनगर के रहने वाले थे. हादसे के बाद परिवार में मातम का माहौल है. जानकारी के अनुसार, तुफैल अहमद सिमुलडांगा स्थित अपने गैराज से स्कूटी पर सवार होकर घर लौट रहे थे. इसी दौरान सिमुलडांगा स्थित एक शोरूम के सामने अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तुफैल अहमद गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई. घटना के बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही एमजीएम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर एमजीएम अस्पताल पहुंचाया. हादसे की जानकारी मिलने पर मृतक के परिजन भी अस्पताल पहुंचे. बताया गया है कि तुफैल अहमद के परिवार में दो बेटे और दो बेटियां हैं. (नीचे भी पढ़ें)

वहीं, हादसे के बाद टक्कर मारने वाला वाहन मौके से फरार हो गया। पुलिस फिलहाल अज्ञात वाहन की पहचान करने में जुटी है. लगातार हो रहे सड़क हादसों के बीच एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं. शहर और आसपास के इलाकों में आए दिन सड़क दुर्घटनाओं में लोगों की जान जा रही है. ऐसे में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने पर प्रभावी नियंत्रण के साथ सड़क सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाने की जरूरत है.




