जमशेदपुर : सोशल मीडिया के माध्यम से एक महिला को कथित रूप से प्रताड़ित एवं मानसिक रूप से परेशान किए जाने के मामले को लेकर जनता दल (यूनाइटेड), जमशेदपुर महानगर, पूर्वी सिंहभूम का प्रतिनिधिमंडल महानगर अध्यक्ष अजय कुमार के नेतृत्व में शुक्रवार को सिटी एसपी से मिला. प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच तथा आरोप सही पाए जाने पर दोषी के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की. प्रतिनिधिमंडल ने सिटी एसपी को बताया कि पीड़िता के अनुसार गोपाल यादव नामक व्यक्ति द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से कथित रूप से लगातार परेशान एवं प्रताड़ित किया गया, जिसके बाद महिला ने फिनाइल पीकर आत्महत्या का प्रयास किया. (नीचे भी पढ़ें)
प्रतिनिधिमंडल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़िता के बयान के साथ सोशल मीडिया पोस्ट, चैट एवं अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कराने की मांग की. प्रतिनिधिमंडल ने यह भी कहा कि गोपाल यादव के पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता के करीबी होने की चर्चा है. इस संबंध में भी तथ्यों की जांच कर यह सुनिश्चित करने की मांग की गई कि मामले की जांच बिना किसी प्रभाव अथवा दबाव के निष्पक्ष रूप से हो. महानगर अध्यक्ष अजय कुमार ने कहा कि महिला के साथ किसी भी प्रकार की प्रताड़ना गंभीर विषय है. पुलिस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करे और यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए. (नीचे भी पढ़ें)
साथ ही पीड़िता को आवश्यक सुरक्षा एवं न्याय दिलाने की दिशा में पुलिस गंभीरता से कदम उठाए. प्रतिनिधिमंडल में दीपक गौड़, शेषनाथ पाठक, विनोद सिंह, लालू गौड़, अमृता मिश्रा, ऊषा यादव, प्रवीण सिंह, प्रेम सक्सेना, सुजीत झा, दिनेश सिंह, चंद्रा गणेश, विकास जी एवं दिलीप प्रजापति जी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे




