जमशेदपुर : जमशेदपुर के सांसद बिद्युत बरण महतो के प्रयास से टाटानगर में वंदे भारत कोच डिपो के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो गया है. इस आशय का पत्र रेलवे बोर्ड से सांसद श्री महतो को प्रेषित किया गया है. इस योजना के स्वीकृति के पत्र में रेलवे बोर्ड के सुमित कुमार डायरेक्टर प्रोजेक्ट एंड डेवलपमेंट द्वारा हस्ताक्षरित पत्र से सूचित किया गया है कि 383.78 करोड़ रुपए की लागत से वंदे भारत कोच मेंटेनेंस डिपो का निर्माण किया जाएगा. उल्लेखनीय की सांसद श्री महतो इस वंदे भारत कोच डिपो का निर्माण के लिए लंबे समय से प्रयासरत थे. उन्होंने अभी के हाल में संपन्न हुए सत्र में इस मामले को लेकर उन्होंने लगभग चार बार रेलवे बोर्ड के निदेशक और वरीय पदाधिकारी सहित रेल मंत्री से मुलाकात की. सांसद श्री महतो ने इसके साथ ही साथ टाटानगर में चार अतिरिक्त रेलवे प्लेटफार्म का निर्माण का भी प्रस्ताव रेलवे बोर्ड के समक्ष रखा है. (नीचे भी पढ़ें)
आज मेंटेनेंस कोच डिपो का निर्माण का स्वीकृति पत्र प्राप्त होने के बाद सांसद श्री महतो ने कहा कि रेलवे संबंधी लगभग सभी प्रकार की मांगो को पूरा करने के लिए वे निरंतर प्रयास हैं. आने वाले समय में रेलवे से संबंधित सभी विषयों को हुए प्रमुखता से रेल मंत्रालय से स्वीकृत करवाएंगे. सांसद श्री महतो ने इस महत्वपूर्ण कार्य के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव सहित महाप्रबंधक दक्षिण पूर्व रेलवे एवं चक्रधरपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक के सराहनीय प्रयास के लिए उन्हें धन्यवाद दिया है. सांसद श्री महतो ने कहा कि कोच डिपो के निर्माण से टाटानगर रेलवे क्षेत्र में विकास की एक नया राह खुलेगा और यहां पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे और विशेष कर चक्रधरपुर रेल मंडल का विकास होगा.




