जमशेदपुर : जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय के शिक्षा विभाग की ओर से वर्ष 2026-28 के बीएड, बीपीएड एवं एमएड पाठ्यक्रमों की छात्राओं का इंडक्शन प्रोग्राम आयोजित किया गया. इसी के साथ विभाग के नये शैक्षणिक सत्र की आधिकारिक शुरुआत भी हो गई. कुलपति प्रो इला कुमार के मार्गदर्शन में शिक्षा विभाग के सेमिनार हॉल में आयोजित कार्यक्रम में भावी शिक्षिकाओं को संस्थान के अनुशासित शैक्षणिक पाठ्यक्रम की रूपरेखा और शिक्षा के क्षेत्र में अपेक्षित पेशेवर मानकों से परिचित कराया गया. (नीचे भी पढ़ें)
समारोह की शुरुआत दीप प्रज्ववलन और बीएड की छात्राओं के द्वारा स्वागत गीत की प्रस्तुति के साथ हुई. इसके बाद शिक्षा विभाग के अध्यक्ष डॉ संजय भुइयां ने स्वागत भाषण और परिचयात्मक भाषण प्रस्तुत किया. कार्यक्रम के दौरान विभाग के सभी संकायाध्यक्ष एवं संकाय के सदस्य उपस्थित रहे. विभाग के वरिष्ठ संकाय सदस्यों ने संबंधित पाठ्यक्रमों की रूपरेखा और नियमों पर विस्तार से चर्चा की. सोनी ने एमएड के पाठ्यक्रम, डॉ निशा ने बीएड पाठ्यक्रम एवं डॉ संजीत महतो ने बीपीएड पाठ्यक्रम की चर्चा की. डॉ अरुणिमा के औपचारिक धन्यवाद ज्ञापन एवं राष्ट्रगान के साथ इंडक्शन प्रोग्राम का समापन हुआ.




