जमशेदपुर : टाटा स्टील के बोनस के बाद उससे जुड़ी संस्थाओं में भी बोनस समझौता हो रहा है. इस कड़ी में टाटा स्टील की ओर से संचालित टीएमएच सोसाइटी के कर्मचारियों का बोनस समझौता संपन्न हुआ. इसके तहत कर्मचारियों को 14 फीसदी बोनस मिलेगा. तय फाॅर्मूला के तहत 12 फीसदी बोनस मिलना था, लेकिन यूनियन अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु के आग्रह पर दो फीसदी बोनस राशि बढ़ायी गयी. इस समझौता पर टाटा स्टील मेडिकल सर्विसेज की जीएम डॉ विनिता सिंह और यूनियन अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु ने हस्ताक्षर किये. बोनस राशि के लाभुक पांच कर्मचारी ही हैं. दूसरी ओर, टाटा स्टील के जीओआरसी व टीडीआरसी कैंटीन (टाटा स्टील यूआइएसएल के कार्यालय में संचालित कैंटीन) के कर्मचारियों का बोनस समझौता हुआ. (नीचे भी पढ़े)
इस समझौता के तहत कर्मचारियों को बेसिक व डीए का 8.33 फीसदी बोनस दिया जायेगा. इसके तहत न्यूनतम 13100 रुपये और अधिकतम 20750 रुपये बोनस मिलेगा. वैसे कर्मचारी, जिनको 20750 रुपये से अधिक का बोनस मिलना है, उसको अतिरिक्त 1250 रुपये मिलेगा. इस समझौता का लाभ जीओआरसी कैंटीन के 16 और टीडीआरसी कैंटीन के 7 कर्मचारी को होगा. समझौता पर जीओआरसी कैंटीन के चेयरमैन जुबिन पालिया, टीडीआरसी कैंटीन के चेयरमैन देवी प्रसाद पंथाला, जीओआरसी के वाइस चेयरमैन राजेश कुमार झा, मानद सचिव होरमाज बी टोडीवाला, सचिव टीडीआरसी कैंटीन विभुति भूषण जबकि यूनियन की ओर से अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नू, महासचिव शहनवाज आलम, उपाध्यक्ष शैलेश सिंह समेत अन्य लोगों ने किया.




