जमशेदपुर : जमशेदपुर के शहरी क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम एवं सुरक्षित बनाने तथा दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुरक्षात्मक उपायों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर उपायुक्त राजीव रंजन द्वारा समाहरणालय में टाटा स्टील के वरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की गई. बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ ऐहतेशाम वकारीब, उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान, अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम अर्नव मिश्रा, अपर उपायुक्त अनुराग तिवारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, ट्रैफिक डीएसपी समेत यातायात, तकनीकी एवं संबंधित एजेंसियों के पदाधिकारी उपस्थित रहे. बैठक में शहरी क्षेत्र में यातायात प्रवाह को बेहतर करने, सड़क दुर्घटनाओं के कारणों की पहचान कर उनके निराकरण तथा आम नागरिकों के लिए सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के संबंध में विस्तृत विचार-विमर्श किया गया. उपायुक्त ने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन, पुलिस, टाटा समूह तथा संबंधित तकनीकी एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय के साथ ठोस एवं परिणामपरक कार्ययोजना तैयार कर उसका चरणबद्ध क्रियान्वयन आवश्यक है. बैठक में प्रमुख चौराहों एवं मार्गों पर लेफ्ट फ्री व्यवस्था, आवश्यकता के अनुरूप स्ट्रीट लाइट लगाए जाने, डिवाइडर एवं स्लाइडर की व्यवस्था, दुर्घटना संभावित स्थलों पर आवश्यक सुरक्षात्मक उपाय, ट्रैफिक सिग्नल, बाजार क्षेत्रों एवं प्रमुख भीड़भाड़ वाले स्थानों पर व्यवस्थित पार्किंग की सुविधा तथा यातायात संचालन को सुगम बनाने से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई. (नीचे भी पढ़ें)

साथ ही आम नागरिकों द्वारा यातायात नियमों के अनुपालन को बढ़ावा देने के लिए व्यापक जागरूकता कार्यक्रम चलाने पर भी विचार-विमर्श किया गया. उपायुक्त ने सड़क सुरक्षा से जुड़े प्रस्तावित उपायों को शॉर्ट टर्म, मिड टर्म एवं लॉन्ग टर्म प्लान के रूप में चिन्हित करते हुए समयबद्ध क्रियान्वयन पर जोर दिया. शॉर्ट टर्म प्लान के तहत ऐसे उपाय, जिनका त्वरित क्रियान्वयन संभव है, उन्हें आगामी दुर्गा पूजा से पूर्व प्राथमिकता के आधार पर लागू किया जाएगा, ताकि त्योहार के दौरान बढ़ने वाले यातायात दबाव के मद्देनजर शहर में आवागमन को सुरक्षित एवं सुगम बनाया जा सके. मिड टर्म प्लान के तहत अगले 2-3 माह में आवश्यक संरचनात्मक एवं यातायात प्रबंधन संबंधी उपायों को चरणबद्ध तरीके से लागू करने पर चर्चा हुई. वहीं, लॉन्ग टर्म प्लान के लिए टाटा स्टील द्वारा अपने तकनीकी विशेषज्ञों के माध्यम से शहरी क्षेत्र में सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था का विस्तृत सर्वेक्षण कराया जायेगा. सर्वेक्षण के आधार पर प्राप्त सुझावों एवं अनुशंसाओं को समेकित करते हुए विस्तृत प्रतिवेदन तैयार कर उपायुक्त कार्यालय को समर्पित करेंगे. उपायुक्त ने कहा कि लॉन्ग टर्म प्लान के अनुसार प्रशासन- पुलिस- उद्योग एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारियों के साथ पुनः बैठक आयोजित कर प्रस्तावित उपायों की समीक्षा की जाएगी तथा आवश्यकतानुसार उनके क्रियान्वयन के लिए अग्रेतर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी. (नीचे भी पढ़ें)
बैठक में सड़क सुरक्षा के साथ-साथ यातायात अनुशासन को प्रभावी बनाने, अव्यवस्थित पार्किंग पर नियंत्रण, प्रमुख बाजार एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में यातायात प्रबंधन तथा नागरिकों में सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने को लेकर भी विस्तार से विमर्श हुआ. बैठक में टाटा स्टील के चीफ कॉरपोरेट सर्विसेज बरुन बजाज, चीफ सिक्योरिटी ब्रिगेडियर जितेंद्र कुमार शेखावत, लैंड डिपार्टमेंट से अमित सिंह, टाटा स्टील यूआइएसएल से आरके सिंह सहित टाटा स्टील एवं संबंधित एजेंसियों के अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे.




