चक्रधरपुर : चक्रधरपुर सीडीपीओ कार्यालय की पर्यवेक्षिका अनीता बिंद की हुई हत्या के आरोपी अनिल कुमार बिंद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. इस संबंध में अनीता के भाई आदर्श कुमार बिंद ने चक्रधरपुर थाना में अनिल कुमार बिंद के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई थी, जिसके आलोक में कार्रवाई करते हुए चक्रधरपुर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से कोर्ट के आदेश पर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. मामले में गिरफ्तार अनिल कुमार बिंद ने अपने स्वीकारोक्ति बयान में अनीता की हत्या की बात कबूल कर ली है. (नीचे भी पढ़ें)
मिली जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिलांतर्गत ओबरा थाना क्षेत्र में चूड़ी गली शीतला मंदिर के पास रहनेवाली अनीता बिंद का अभी हाल ही चक्रधरपुर सीडीपीओ कार्यालय में पर्यवेक्षिका के रूप में पदस्थापन हुआ थी, जिसके बाद अभी कुछ दिन पहले ही उसने अपनी ड्यूटी ज्वाइन की थी. कुछ दिन पूर्व अनीता की धारदार हथियार से गरदन काट कर उसकी हत्या कर दी गई. इसके बाद चक्रधरपुर पहुंचे मृतका अनीता बिंद के भाई आदर्श कुमार बिंद ने इस संबंध में मूल रूप से यूपी के मिर्जापुर के कटरा कोतवाली के जगी रोड निवासी अनिल कुमार बिंद के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई. इसके आलोक में चक्रधरपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया. (नीचे भी पढ़ें)
हत्या के आरोप में गिरफ्तार अनिल कुमार बिंद ने अपने स्वीकारोक्ति बयान में बताया है कि उसका अनीता के साथ विगत दो-तीन वर्षों से प्रेम संबंध चल रहा था. वह उससे शादी भी करना चाहता था, किन्तु अनीता ने उससे शादी करने से साफ इनकार करते हुए कहा कि वह किसी और को चाहती है तथा उसी से शादी करेगी. अनिल के अनुसार उसने अनीता को मनाने की काफी कोशिश की, लेकिन उसके नहीं मानने पर उसको बहुत गुस्सा आया जिसके कारण उसने अनीता की चाकू से गला रेत कर हत्या कर दी. उसने बताया कि हत्या के पश्चात वह भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन इसी बीच आसपास के लोगों एवं पुलिस ने उसे दबोच लिया.




