जमशेदपुर : जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के निर्देशानुसार टाटा स्टील के टिनप्लेट परिसर में तीन दिन पूर्व हुई औद्योगिक दुर्घटना में एक मजदूर की मृत्यु तथा दो मजदूरों के घायल होने की घटना को लेकर आज जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रतिनिधिमंडल ने टिनप्लेट टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट उज्ज्वल चक्रवर्ती से मुलाकात की. प्रतिनिधिमंडल ने दुर्घटना को गंभीरता से लेते हुए कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों, सुरक्षा व्यवस्था एवं दुर्घटना के कारणों को लेकर प्रबंधन के समक्ष अपनी चिंता रखी. साथ ही घायल मजदूरों के इलाज एवं उन्हें हरसंभव आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने पर भी चर्चा की गई. घायल मजदूरों में से एक का अभी इलाज चल रहा है. प्रतिनिधिमंडल ने मृतक मजदूर के परिवार को मिलने वाले मुआवजे को लेकर भी चर्चा की. प्रबंधन की ओर से बताया गया कि मृतक के परिजनों को मुआवजा दिया जा चुका है. (नीचे भी पढ़ें)
प्रतिनिधिमंडल ने भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा मानकों को और सख्त एवं प्रभावी बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया. जदयू प्रतिनिधिमंडल में पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव, जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष अजय कुमार, जिला उपाध्यक्ष दुर्गा राव, श्रमिक प्रकोष्ठ अध्यक्ष दिनेश सिंह, गोलमुरी अध्यक्ष शमशाद खान एवं बर्मामाइंस मंडल अध्यक्ष बबलू कुमार उपस्थित रहे. प्रतिनिधिमंडल ने प्रबंधन से आग्रह किया कि औद्योगिक कार्यस्थलों पर श्रमिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक सुरक्षा उपायों की नियमित समीक्षा सुनिश्चित की जाए.




