जमशेदपुर : मानगो नगर निगम क्षेत्र में व्याप्त जन समस्याओं को लेकर सोमवार को बड़ी संख्या में वार्ड पार्षदों ने निगम कार्यालय पहुंचकर शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन किया. पार्षदों ने क्षेत्र में साफ-सफाई, गंदगी और पेयजल समेत अन्य मूलभूत समस्याओं के तत्काल समाधान की मांग की. (नीचे भी पढ़ें)

पार्षदों का कहना है कि मानगो के कई इलाकों में लंबे समय से गंदगी का अंबार लगा हुआ है. वहीं, कई क्षेत्रों में पेयजल की समस्या भी लगातार बनी हुई है. इन समस्याओं को लेकर पार्षदों ने संबंधित पदाधिकारियों से जवाब मांगा. (नीचे भी पढ़ें)
पार्षदों के अनुसार, अधिकारियों की ओर से समस्याओं के समाधान में एसआइआर प्रक्रिया का हवाला दिया गया. इस पर पार्षदों ने कहा कि प्रशासनिक प्रक्रिया अपनी जगह है, लेकिन इसके कारण आम जनता की मूलभूत सुविधाओं को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता. लोगों को नियमित रूप से साफ-सफाई और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना जरूरी है. (नीचे भी पढ़ें)
पार्षदों ने फिलहाल प्रशासन को कुछ और दिनों का समय देने की बात कही है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तय अवधि में समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा. जरूरत पड़ने पर पार्षद उग्र आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे.




