जमशेदपुर : नगर की एमजीएम थाना पुलिस ने मंगलवार को गुप्त सूचना के आधार पर मानगो रिपीट कॉलोनी काली मंदिर के पास से 510 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ दो ड्रग पैडलर्स को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उनके पास से दो मोबाइल फोन एवं काले रंग की एक पल्सर बाइक भी बरामद की है. गिरफ्तार सूरज थापा ओडिशा के क्योंझर जिलांतर्गत बड़बिल थाना क्षेत्र के मतकमबेड़ा का निवासी है जबकि दूसरा करण कुमार बिरसानगर जोन नंबर 3, डी ब्लॉक का रहनेवाला बताया गया है. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को उक्त जानकारी देते हुए बताया कि मंगलवार के दिन वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली कि एमजीएम मेडिकल कॉलेज एवं रिपीट कॉलोनी के आसपास दो लोग ब्राउनशुगर की खरीद-बिक्री कर रहे हैं. इसके बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पटमदा डीएसपी के नेतृत्व में एक विशेष छापामार दल का गठन किया गया. इस दल ने रिपीट कॉलोनी के पीछे स्थित काली मंदिर के पास घेराबंदी कर दो संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा, जिनकी तलाशी लेने पर उनमें से एक, सूरज थापा के पास से 437 पुड़िया, जबकि दूसरे, करण कुमार के पास से 73 पुड़िया ब्राउन शुगर की बरामदगी हुई. पुलिस ने उनके पास से दो मोबाइल फोन एवं एक काले रंग की पल्सर बाइक भी बरामद किया. पूछताछ के क्रम में दोनों ने ब्राउनशुगर की अवैध खरीद-बिक्री में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है. पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. (नीचे भी पढ़ें)
गिरफ्तार किये गए सूरज थापा के विरुद्ध पश्चिम सिंहभूम के हाटगम्हरिया के साथ ही मानगो, पोटका, सिदगोड़ा, मुसाबनी एवं जादूगोड़ा थानों में भी मामले लंबित हैं. वहीं करण कुमार के विरुद्ध भी बिरसानगर थाना में मामले लंबित हैं. इस अभियान के लिए गठित छापामार दल में पुलिस उपाधीक्षक दयानंद कुमार, एमजीएम थाना प्रभारी सचिन कुमार दास, अवर निरीक्षक आनंद कुमार, सुगना मुंडा, अमित कुमार, माजिदुद्दीन एवं थाना के शसस्त्रबल के जवान शामिल थे.




