जमशेदपुर : टाटा स्टील कलर्स प्राइवेट लिमिटेड (पहले टाटा ब्लूस्कोप), जमशेदपुर को 20वें सीआइआइ ईस्टर्न रीजन सेफ्टी, हेल्थ एंड एनवायरनमेंट (एसएचइ) एक्सीलेंस अवॉर्ड्स 2025–26 में लार्ज-स्केल मैन्युफैक्चरिंग श्रेणी में सुरक्षा प्रक्रियाओं और सुरक्षा प्रबंधन प्रणालियों में उत्कृष्टता के लिए सम्मानित किया गया. यह पुरस्कार कोलकाता के न्यू टाउन स्थित बिस्वा बांग्ला एग्जीबिशन सेंटर में प्रदान किया गया. कन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री (सीआइआइ) द्वारा आयोजित 20वें सीआइआइ ईस्टर्न रीजन एसएचइ एक्सीलेंस अवॉर्ड्स का उद्देश्य सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं पर्यावरण (एसएचइ) के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले संगठनों को मान्यता प्रदान करना है. टाटा स्टील कलर्स की ओर से यह पुरस्कार कंपनी के एजीएम एसएचइ विशाल पांडेय के साथ समरेश कुमार और विनय वर्मा ने प्राप्त किया. (नीचे भी पढ़ें)
इन पुरस्कारों के माध्यम से विभिन्न उद्योगों में मजबूत सुरक्षा प्रणालियों, जिम्मेदार कार्यस्थल प्रथाओं, जोखिम प्रबंधन, कर्मचारी कल्याण तथा पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों को सम्मानित किया जाता है. इस वर्ष के पुरस्कारों में लार्ज-स्केल मैन्युफैक्चरिंग सहित विभिन्न श्रेणियां शामिल थीं. पुरस्कारों में 90 से अधिक कंपनियों ने भाग लिया. टाटा स्टील कलर्स को ह्यूमन-मशीन इंटरफेस (एचएमआइ) सेफ्टी, लाइन सेफगार्डिंग, इंटरलॉकिंग सिस्टम, डिजिटलाइजेशन तथा सुरक्षा प्रबंधन प्रणालियों के क्षेत्र में की गई पहलों के लिए यह सम्मान प्राप्त हुआ. इन पहलों का उद्देश्य इंजीनियरिंग नियंत्रणों को और मजबूत करना, मशीनों के अनपेक्षित संचालन को रोकना तथा कार्यस्थल पर सुरक्षा जोखिमों को कम करना है. (नीचे भी पढ़ें)
इस उपलब्धि पर टिप्पणी करते हुए टाटा स्टील कलर्स के एमडी प्रवीण वी थंपी ने कहा कि यह सम्मान टाटा स्टील कलर्स के लिए गर्व का क्षण है. यह हमारी टीमों की सुरक्षा के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता और टाटा संस्कृति के अनुरूप अपनाई जाने वाली मजबूत सुरक्षा प्रथाओं को दर्शाता है. मैं प्रत्येक टीम सदस्य के योगदान और सुरक्षा मानकों को निरंतर मजबूत करने के उनके प्रयासों के लिए आभार व्यक्त करता हूं. यह सम्मान सुरक्षा मानकों को और मजबूत करने तथा ‘जीरो हार्म’ के लक्ष्य की दिशा में हमारी निरंतर यात्रा का प्रतिबिंब है.




