जमशेदपुर : जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बारीडीह में शुक्रवार देर रात सुवर्णरेखा नदी में नाव पलटने से दो युवक तेज बहाव में बह गये. लापता युवकों की पहचान बारीडीह मीरा पथ निवासी अमित कुमार उर्फ गजनी और जमशेदपुर स्कूल के पास रहने वाले अमित कुमार उर्फ बिट्टू कुमार के रूप में हुई है. दोनों की तलाश में शनिवार सुबह से नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है. हादसे की सूचना मिलते ही नदी तट पर परिजनों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गयी. स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों युवक कुशल तैराक थे और अक्सर नदी में मछली पकड़ने जाते थे. (नीचे भी पढ़ें)
शुक्रवार देर रात दोनों अपने साथी विक्की के साथ नाव से मछली पकड़ने नदी में गये थे. इसी दौरान नदी के बीच अचानक नाव का संतुलन बिगड़ गया और नाव पलट गयी. हादसे के बाद विक्की किसी तरह तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आया, जबकि अमित और बिट्टू तेज बहाव में बह गये. घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय युवकों ने रात में ही नदी किनारे दोनों की तलाश शुरू की और लुआबासा पुल तक खोजबीन की, लेकिन अंधेरा और तेज बहाव के कारण पानी में उतरकर तलाश करना संभव नहीं हो सका. (नीचे भी पढ़ें)
सूचना मिलने पर सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. शनिवार सुबह स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया. एनडीआरएफ/एसडीआरएफ की मदद लेने की भी तैयारी की जा रही है. पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे समेत स्थानीय जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया. फिलहाल दोनों युवकों की तलाश जारी है.







