जमशेदपुर : राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के पावन अवसर पर जमशेदपुर स्थित कांग्रेस मुख्यालय में जयंती समारोह का आयोजन किया गया. इस अवसर पर उपस्थित कांग्रेस जन ने दोनों महान विभूतियों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा उनके आदर्शों, विचारों और देश के प्रति उनके अमूल्य योगदान को याद किया. (नीचे भी पढ़ें)
महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा और सत्याग्रह के मार्ग पर चलकर देश की आजादी की लड़ाई को नई दिशा दी. वहीं, लाल बहादुर शास्त्री ने अपने सादगीपूर्ण जीवन, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा से देशवासियों के सामने आदर्श प्रस्तुत किया. उनका प्रसिद्ध नारा “जय जवान, जय किसान” आज भी देश के जवानों और किसानों के सम्मान एवं योगदान का प्रतीक है. इस अवसर पर उपस्थित कांग्रेस जन ने संकल्प लिया कि वे दोनों महान नेताओं के आदर्शों को आत्मसात करते हुए देश में सामाजिक सद्भाव, भाईचारे, एकता, समानता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य करेंगे.







