जमशेदपुर : टाटानगर रेलवे स्टेशन क्षेत्र में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आरपीएफ टीम टाटा और जीआरपी टाटा को बड़ी सफलता मिली है. चक्रधरपुर आरपीएफ के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, एवं जमशेदपुर रेल एसपी के नेतृत्व में गठित टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है. उसके कब्जे से करीब 11 किलो गांजा बरामद किया गया है. पुलिस के अनुसार, 2 अक्टूबर 2026 की देर रात टाटानगर आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने संदिग्धों की जांच एवं निगरानी के दौरान एक व्यक्ति को पकड़ा. पूछताछ में उसकी पहचान दुखी श्याम पुजारी (29 वर्ष) के रूप में हुई है, जो ओड़िशा के सुवर्णपुर का निवासी है. तलाशी के दौरान उसके पास से लगभग 11 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया. बरामद गांजे को जब्त करने के बाद आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए रेल थाना टाटानगर के सुपुर्द कर दिया गया है. (नीचे भी पढ़ें)
रेल पुलिस और आरपीएफ की इस कार्रवाई को नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है. अधिकारियों के अनुसार, रेलवे क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए लगातार जांच और निगरानी अभियान चलाया जा रहा है. यह कार्रवाई आरपीएफ द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन नार्कोस’ के तहत की गई. रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी की संयुक्त टीम आगे भी नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ अभियान जारी रखेगी.




