गालूडीह : सेगो-काई कराटे-डो एसोसिएशन ऑफ झारखंड की ओर से रविवार को घाटशिला के माझी महाल परगना हॉल में क्यू ग्रेडिंग परीक्षा एवं एडवांस कराटे वर्कशॉप का आयोजन किया गया. एसोसिएशन के अध्यक्ष सेन्सई प्रियव्रत दत्ता के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में पूर्वी सिंहभूम के विभिन्न विद्यालयों से आए 150 से अधिक कराटे खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया. कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि, घाटशिला विधायक सोमेश सोरेन ने दीप प्रज्वलित कर कराया. उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासन, आत्मविश्वास और आत्मरक्षा के लिए कराटे को महत्वपूर्ण बताया. उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलता है. वर्कशॉप में सेगो-काई कराटे-डो इंडिया के प्रेसिडेंट सह हान्बू-चो और कराटे एसोसिएशन ऑफ इंडिया के वाइस प्रेसिडेंट शिहान तरुण चक्रवर्ती ने खिलाड़ियों को काता और कुमिते की उन्नत तकनीकों का प्रशिक्षण दिया. जनरल सेक्रेटरी सेन्सई चित्रानंद दासगुप्ता और इंस्ट्रक्टर-इन-चार्ज सेन्सई लक्ष्यपति पसायत ने भी खिलाड़ियों का तकनीकी मार्गदर्शन किया. (नीचे भी पढ़ें)
कार्यक्रम में पीएम श्री केजीवीबी धालभूमगढ़, केजीवीबी घाटशिला, पोटका व चाकुलिया, स्वामी विवेकानंद गुरुकुलम धालभूमगढ़, रंगकणी सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, गालूडीह सहित विभिन्न विद्यालयों के खिलाड़ी शामिल हुए. 6 खिलाड़ियों को ब्लैक बेल्ट फर्स्ट डैन ब्लैक बेल्ट ग्रेडिंग परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले ऋतु मोंगराज, जसवीर कौर, मीना नायक, जयश्री महतो, सोनिया सिंह और रायमत हांसदा को ब्लैक बेल्ट फर्स्ट डैन से सम्मानित किया गया. उन्हें प्रमाण पत्र, ब्लैक बेल्ट, आधिकारिक ट्रैकसूट और एसोसिएशन का लोगो प्रदान किया गया. धनबाद से सेन्सई रौनक, रोहन कुमार और सुजीत कुमार रजवाड़ विशेष कोच के रूप में पहुंचे. आयोजन को सफल बनाने में सेन्सई मायनो टुडू, जयश्री महतो, मोनिका नाथ, रिया मनकी, नफीसा परवीन, बलराम हांसदा, मीना नायक, ऋतु मोंगराज, रायमत हांसदा और जसबीर कौर ने योगदान किया.




