जमशेदपुर : मानगो के वार्ड नंबर 36 पोस्ट ऑफिस रोड स्थित गौड़ बस्ती में करीब एक महीने से पानी की आपूर्ति ठप है. इससे पीपल पेड़ के नीचे रहने वाले करीब 15 से 20 परिवारों के सामने पेयजल का संकट खड़ा हो गया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले रात के समय पानी की आपूर्ति होती थी, लेकिन अब रात भर जागकर इंतजार करने के बावजूद नल में पानी नहीं आता. बस्ती की महिलाओं ने बताया कि जितिया पूजा के दौरान पानी की जरूरत पूरी करने के लिए 400 रुपये में एक टंकी पानी खरीदना पड़ा था. अब नवरात्र, दुर्गापूजा, दीपावली और छठ जैसे प्रमुख पर्व सामने हैं. ऐसे में पानी की समस्या और बढ़ने की आशंका से लोग परेशान हैं. (नीचे भी पढ़ें)
गौड़ बस्ती निवासी दिवाकर ठाकुर, मालती देवी, शंकर लाहा, पिंटू सिंह और निर्मला देवी ने बताया कि समस्या को लेकर वे सोमवार को महापौर सुधा गुप्ता से मिलने पहुंचे थे, लेकिन उनसे मुलाकात नहीं हो सकी. विभागीय कर्मचारियों से शिकायत करने के बाद भी अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है. स्थानीय लोगों ने बताया कि उनकी बस्ती नदी के किनारे अंतिम छोर पर स्थित है. पहले रात में पानी की आपूर्ति होने पर पर्याप्त पानी उनके घरों तक पहुंच जाता था. स्थानीय लोगों के अनुसार, करीब डेढ़ माह पहले उनकी परेशानी को देखते हुए विधायक सरयू राय के स्तर से दिन में पानी की आपूर्ति शुरू कराई गई थी. लोगों का कहना है कि दिन में आपूर्ति होने के कारण बीच रास्ते में कई लोग मोटर लगाकर पानी खींच लेते हैं, जिससे बस्ती के अंतिम छोर तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पाता. पानी की समस्या को लेकर स्थानीय लोगों ने सोमवार को अपर नगर आयुक्त के नाम ज्ञापन सौंपकर जल्द से जल्द जलापूर्ति बहाल कराने की मांग की है. लोगों ने कहा कि पर्व-त्योहारों के दौरान यदि पानी की व्यवस्था नहीं हुई तो उनकी परेशानी और बढ़ जाएगी.




