जमशेदपुर : चांडिल-पुरुलिया एनएच-32 से जुड़े पुरुलिया-बोकारो मार्ग पर सोमवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में सरायकेला-खरसावां जिले के तीन युवकों की मौत हो गई. मृतकों की पहचान नीमडीह थाना क्षेत्र के जुगिलांग गांव निवासी शिवम गोप, लुकास गोप और सपन गोप के रूप में हुई है. हादसे के बाद तीनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है. मिली जानकारी के अनुसार, तीनों युवक पुरुलिया जिले के बलरामपुर स्थित छाता मेला में पनामा सर्कस देखने के बाद बाइक से अपने घर लौट रहे थे. (नीचे भी पढ़ें)

इसी दौरान मालती चेक पोस्ट के समीप जमशेदपुर की ओर से पश्चिम बंगाल की तरफ जा रही तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने बाइक सवार युवकों को अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि शिवम गोप और लुकास गोप की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल सपन गोप को इलाज के लिए पुरुलिया सदर अस्पताल ले जाया गया. (नीचे भी पढ़ें)

वहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया. घटना की सूचना मिलने के बाद पश्चिम बंगाल पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि दुर्घटना की पूरी घटना और कार की गतिविधियों का पता लगाया जा सके. बताया जा रहा है कि हादसे के बाद अर्टिगा सवार लोग वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए. ऐसे में चेक पोस्ट के समीप पुलिस की मौजूदगी के बावजूद वाहन सवारों के फरार होने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से अभी आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.




