जमशेदपुर : जमशेदपुर के छोटा गोविंदपुर जलापूर्ति योजना के तहत स्थित पानी टंकी की चहारदीवारी पिछले करीब दो महीने से टूटी हुई है. स्थानीय लोगों के अनुसार, चारदीवारी टूटने की जानकारी पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के संबंधित अधिकारियों को दी जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद अब तक मरम्मत नहीं कराई गई है. इससे टंकी परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं. चहारदीवारी टूटे रहने के कारण जलापूर्ति टंकी परिसर खुला हो गया है. स्थानीय लोगों को आशंका है कि कोई अनधिकृत व्यक्ति आसानी से परिसर में प्रवेश कर सकता है. ऐसे में किसी अप्रिय घटना की स्थिति से इनकार नहीं किया जा सकता. (नीचे भी पढ़ें)
लोगों का कहना है कि जलापूर्ति टंकी जैसे महत्वपूर्ण स्थल की सुरक्षा को लेकर विभाग को गंभीरता दिखानी चाहिए. स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि शिकायत और जानकारी दिए जाने के बावजूद पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, आदित्यपुर डिविजन के संबंधित पदाधिकारी अब तक मामले को लेकर गंभीर नहीं हुए हैं. दो महीने से अधिक समय बीत जाने के बाद भी चारदीवारी की स्थिति जस की तस बनी हुई है. लोगों ने विभाग के वरीय अधिकारियों से मामले में तत्काल संज्ञान लेने की मांग की है. उनका कहना है कि समय रहते चारदीवारी की मरम्मत कराकर टंकी परिसर की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी दुर्घटना या अप्रिय घटना की स्थिति उत्पन्न न हो. लोगों ने सवाल उठाया कि यदि सुरक्षा में लापरवाही के कारण कोई घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी.




