जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह भाजपा मंडल क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान एवं दुर्गा पूजा को देखते हुए आवश्यक नागरिक सुविधाएं सुनिश्चित कराने की मांग को लेकर भाजपा परसुडीह मंडल अध्यक्ष सुमित कुमार शर्मा के नेतृत्व में भाजपा परसुडीह मंडल का एक शिष्ट प्रतिनिधिमंडल आज प्रखंड विकास पदाधिकारी से मिला और जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों को लेकर ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन के माध्यम से इन लोगों ने मांग की कि दुर्गा पूजा को देखते हुए परसुडीह बाजार एवं पूजा पंडालों के आसपास विशेष साफ-सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, क्षेत्र की खराब एवं बंद स्ट्रीट लाइटों की तत्काल मरम्मत कराकर पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था की जाए, पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सड़कों एवं आसपास के क्षेत्रों की समुचित सफाई कराई जाए, परसुडीह मंडल क्षेत्र में व्याप्त अन्य मूलभूत जनसमस्याओं का भी प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए. (नीचे भी पढ़ें)

प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से इन समस्याओं पर शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की. प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी ने संबंधित समस्याओं पर आवश्यक कार्रवाई करने एवं समाधान का आश्वासन दिया. इस अवसर पर प्रमुख रूप से भाजपा के वरिष्ठ नेता राम सिंह मुंडा, पूर्व मुखिया प्रकाश शांडिल्य, अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला महामंत्री पीके करवा, मंडल उपाध्यक्ष रुद्रों मुंडा एवं माला मुंडा, महामंत्री विजय विश्वकर्मा एवं अजय सिंह, मंडल मंत्री दुर्गा सेनापति एवं शुक्ला हल्दर, मीडिया प्रभारी मोहन सिंह, दीपक करवा, वार्ड मेंबर गिरजा दुबे, आरती ओझा एवं वीना देवी सहित भाजपा के कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे. भाजपा परसुडीह मंडल जनहित के मुद्दों पर लगातार सक्रिय है और क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन के समक्ष जनता की आवाज मजबूती से उठाता रहेगा.







