जमशेदपुर : झारखंड विधानसभा की सरकारी उपक्रम संबंधी समिति ने परिसदन सभागार, जमशेदपुर में जिला के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। समिति के सभापति निरल पूर्ति की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में समिति के सदस्य अमित कुमार यादव एवं जगत माझी उपस्थित रहे. बैठक में सरकारी उपक्रमों एवं उनसे संबंधित संस्थानों के कार्यों की प्रगति की समीक्षा के साथ-साथ वहां कार्यरत कर्मचारियों एवं श्रमिकों से जुड़े विभिन्न विषयों पर जानकारी ली गई. समिति द्वारा कर्मचारियों एवं श्रमिकों के वेतन एवं मजदूरी भुगतान, लंबित भुगतान, सेवा संबंधी मामलों, कार्यबल की स्थिति तथा श्रमिक कल्याण से जुड़े विषयों की समीक्षा की गई. समिति ने सरकारी उपक्रमों की वित्तीय स्थिति, आय-व्यय, राजस्व संग्रहण, लंबित देनदारियों एवं वित्तीय दायित्वों की जानकारी ली. साथ ही, जिला में संचालित विकास योजनाओं एवं परियोजनाओं की प्रगति, स्वीकृत कार्यों की वर्तमान स्थिति तथा लंबित कार्यों के कारणों की भी विभागवार समीक्षा की गई. बैठक में सरकारी उपक्रमों की परिसंपत्तियों के समुचित उपयोग एवं संरक्षण, उपलब्ध संसाधनों के बेहतर प्रबंधन, आधारभूत सुविधाओं से संबंधित आवश्यकताओं तथा उपक्रमों से जुड़े जनहित के मामलों पर भी चर्चा की गई. (नीचे भी पढ़े)
समिति द्वारा कार्यों के क्रियान्वयन में आ रही प्रशासनिक एवं तकनीकी कठिनाइयों की जानकारी लेते हुए उनके निराकरण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई पर जोर दिया गया. समिति ने श्रमिकों एवं कर्मचारियों से जुड़े मामलों में समय पर मजदूरी एवं वेतन भुगतान, लंबित देय राशि के निष्पादन तथा श्रम कानूनों एवं निर्धारित प्रावधानों के अनुपालन पर विशेष ध्यान देने की बात कही. इसके अलावा पूर्व में समिति द्वारा दिए गए निर्देशों एवं अनुशंसाओं के अनुपालन की स्थिति की भी समीक्षा की गई. समिति के सभापति निरल पूर्ति ने संबंधित पदाधिकारियों को सरकारी उपक्रमों के कार्यों में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने, लंबित मामलों का नियमानुसार शीघ्र निष्पादन करने तथा जनहित एवं श्रमिक हित से जुड़े मामलों को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया. जिला में संचालित औद्योगिक संस्थानों में सरकार द्वारा निर्धारित मजदूरी दर का अनुपालन सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया. बैठक में उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान, अपर उपायुक्त अनुराग तिवारी, सिविल सर्जन डॉ साहिर पाल सहित जिला स्तरीय अन्य सभी विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे.




