जमशेदपुर : जमशेदपुर के डिमना स्थित एमजीएम अस्पताल के पार्किंग स्थल से वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सुरक्षाकर्मियों का अभियान जारी है. बुधवार को सुबह से शाम पांच बजे तक अस्पताल परिसर में बिना लॉक खड़े आठ दोपहिया वाहनों को जब्त किया गया. (नीचे भी पढ़ें)
वाहन जब्त किए जाने की सूचना मिलने पर एमजीएम थाना प्रभारी सचिन कुमार दास अस्पताल पहुंचे और तैनात होमगार्ड जवानों से पूरे मामले की जानकारी ली. उन्होंने सुरक्षाकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और वाहन सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे अभियान की सराहना की. थाना प्रभारी ने कहा कि वाहन मालिकों की लापरवाही के कारण चोरी की घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है. उन्होंने निर्देश दिया कि बिना लॉक वाहन खड़ा करने वालों के कागजात की जांच करने के बाद उन्हें चेतावनी देकर छोड़ा जाए. साथ ही उन्होंने अस्पताल आने वाले लोगों से अपील की कि परिसर में वाहन खड़ा करते समय अनिवार्य रूप से लॉक लगाएं और अपने वाहन की सुरक्षा के प्रति लापरवाही न बरतें.




