जमशेदपुर: जमशेदपुर की यातायात व्यवस्था के लिए परेशानी का सबब बन चुके मानगो पुल पर शुक्रवार सुबह एक बार फिर भीषण जाम लग गया. सुबह करीब नौ बजे शुरू हुआ जाम 11 बजे तक जारी रहा. इस दौरान पुल के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. जाम के कारण कार्यालय जाने वाले कर्मचारियों, कारोबारियों, स्कूली बच्चों और जरूरी काम से निकले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा. सबसे चिंताजनक स्थिति उस समय देखने को मिली, जब एक एम्बुलेंस भी जाम में फंस गई. (नीचे भी पढ़ें)

सुबह के व्यस्त समय में पुल पर वाहनों का दबाव बढ़ने से यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई. दोपहिया वाहनों से लेकर चारपहिया गाड़ियों तक की लंबी कतारें लग गईं. वाहन चालकों को कुछ दूरी तय करने में भी काफी समय लग रहा था. जाम के कारण कई लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में देरी हुई. वहीं, एम्बुलेंस के फंसने से आपातकालीन सेवाओं को लेकर भी चिंता बढ़ गई. (नीचे भी पढ़ें)

यातायात पुलिस की व्यवस्था पर उठे सवाल : मानगो पुल पर बार-बार लगने वाले जाम ने यातायात प्रबंधन की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. आरोप है कि पुल के दोनों छोर पर तैनात यातायात पुलिसकर्मी जाम को नियंत्रित करने में प्रभावी साबित नहीं हुए. वाहनों की आवाजाही सुचारु कराने के लिए ठोस व्यवस्था नहीं होने से लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा.
स्थानीय लोगों के लिए मानगो पुल पर जाम की समस्या अब रोजमर्रा की परेशानी बनती जा रही है. समाचार लिखे जाने तक पुल पर यातायात सामान्य नहीं हो सका था.







