रामगोपाल जेना / चक्रधरपुर : पश्चिम सिंहभूम जिले में चक्रधरपुर संघ की ओर से अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, जागरूकता रैली निकाली गई, जो सीकेपी स्काउट डेन से शुरू होकर ब्राह्मणी पहाड़ तक पहुंची. इस रैली के माध्यम से बालिकाओं के अधिकारों, सड़क सुरक्षा और स्वच्छ भारत अभियान के प्रति लोगों को जागरूक किया गया. रैली का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा, सशक्तीकरण और समान अवसरों के महत्व को जन-जन तक पहुंचाना था. प्रतिभागियों ने समाज के लोगों से बालिकाओं के अधिकारों का सम्मान करने तथा उन्हें शिक्षा और विकास के समान अवसर उपलब्ध कराने की अपील की. (नीचे भी पढ़ें)

सड़क सुरक्षा के प्रति किया जागरूक : रैली के दौरान प्रतिभागियों ने आम लोगों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की. दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने और जिम्मेदारीपूर्वक वाहन चलाने का संदेश दिया गया। साथ ही सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के लिए यातायात नियमों के प्रति सजग रहने पर जोर दिया गया. (नीचे भी पढ़ें)
स्वच्छता अपनाने का दिया संदेश : स्वच्छ भारत अभियान के तहत लोगों को अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने, कचरे का उचित निपटान करने और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया गया. रैली के माध्यम से स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की गई. भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, चक्रधरपुर जिला संघ की यह पहल समाज सेवा, अनुशासन, नेतृत्व और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति संगठन की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। रैली के माध्यम से नागरिकों से बालिकाओं के अधिकारों की रक्षा करने, सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और स्वच्छ, सुरक्षित एवं समावेशी समाज के निर्माण में सहयोग देने का आह्वान किया गया.





