जमशेदपुर : दुर्गापूजा के मद्देनजर पूर्वी सिंहभूम जिला उत्पाद विभाग ने अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है. सोमवार को उत्पाद विभाग की टीम ने सीतारामडेरा, भालूबासा, बर्मामाइंस और परसुडीह थाना क्षेत्रों में कई अवैध शराब बिक्री केंद्रों पर छापामारी की. इस दौरान बड़ी मात्रा में अवैध महुआ शराब बरामद की गई. परसुडीह थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों से करीब 320 लीटर महुआ शराब जब्त की गई है. (नीचे भी पढ़ें)

उत्पाद विभाग के अनुसार पूर्वी सिंहभूम के सहायक उत्पाद आयुक्त के निर्देश पर घाटशिला के उत्पाद निरीक्षक के नेतृत्व में सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के ओल्ड सीतारामडेरा, भालूबासा तथा बर्मामाइंस थाना क्षेत्र की ट्यूबगेट बस्ती में संचालित अवैध शराब बिक्री केंद्रों पर छापामारी की गई. इस दौरान भारी मात्रा में अवैध महुआ चुलाई शराब बरामद हुई. संबंधित आरोपियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है. (नीचे भी पढ़ें)

वहीं, अभियान के दूसरे चरण में परसुडीह थाना क्षेत्र के बाहा मैदान, नया बस्ती और गोलपहाड़ी इलाके में छापामारी की गई. वहां से करीब 320 लीटर महुआ शराब जब्त की गई. छापामारी से पूर्व आरोपी मौके से फरार हो गए. उत्पाद विभाग फरार आरोपियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया में जुटा है. विभाग ने स्पष्ट किया है कि दुर्गापूजा के मद्देनजर अवैध शराब की बिक्री और निर्माण के खिलाफ अभियान जारी रहेगा.





