जमशेदपुर : जेएनयू के प्रोफेसर एवं मणिपुर से कांग्रेस सांसद डॉ अंगोमचा बिमोल अकोइजम के विरोध में छात्राओं के लगे कथित यौन उत्पीड़न के आरोपों के विरोध में भाजपा जमशेदपुर महानगर महिला मोर्चा द्वारा बिष्टुपुर स्थित तिलक पुस्तकालय के समक्ष किए गए विरोध-प्रदर्शन के दौरान भाजपा की निहत्थी महिला एवं पुरुष कार्यकर्ताओं के साथ अभद्र व्यवहार, पत्थरबाजी एवं डंडों से हमला किए जाने की घटना की भाजपा झारखंड प्रदेश के नगर निकाय प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक अनिल मोदी ने कड़े शब्दों में निंदा की है. उन्होंने कहा कि इस घटना से कांग्रेस का महिला विरोधी असली चेहरा उजागर हो गया है. (नीचे भी पढ़ें)
अनिल मोदी ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक राजनीतिक दल को शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखने और विरोध दर्ज कराने का संवैधानिक अधिकार प्राप्त है. विरोध की आवाज को संवाद के माध्यम से सुनने के बजाय यदि महिला कार्यकर्ताओं के साथ अभद्रता की जाती है तथा उन पर पत्थरों और डंडों से हमला किया जाता है, तो यह स्वस्थ लोकतांत्रिक परंपराओं एवं राजनीतिक मर्यादाओं के प्रतिकूल है. उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की बात करने वाली कांग्रेस ने आज नैतिकता की सभी हदें पार कर दी हैं. उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता इन कायराना हमलों से डरने वाले नहीं है. भविष्य में भी भाजपा कार्यकर्ता महिलाओं के अपमान को बर्दाश्त नहीं करेंगे ओर सड़क पर उतर कर महिला हितों की लड़ाई जारी रखेंगे.





